Friday, July 10, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Politics

CG Elections 2026: नगर निकाय से लेकर पंचायत तक वोटिंग शुरू, 1300 से अधिक पदों पर मुकाबला

June 1, 2026 Source: News Katha

CG Elections 2026: नगर निकाय से लेकर पंचायत तक वोटिंग शुरू, 1300 से अधिक पदों पर मुकाबला
रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम एवं उपचुनाव के लिए सोमवार सुबह से मतदान शुरू हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। प्रदेशभर में कुल 1,310 रिक्त पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतों की गिनती 4 जून को होगी, जिसके बाद उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार इस चुनाव में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के 5 पद, पार्षद के 77 पद, जनपद पंचायत सदस्य के 10 पद, सरपंच के 82 पद और पंच के 1,136 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। नगरीय निकाय चुनाव में लगभग 31,928 मतदाता मतदान करेंगे, जबकि पंचायत चुनाव में 1,02,797 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक और पंचायत क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। कबीरधाम जिले की नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद का उपचुनाव विशेष चर्चा का विषय बना हुआ है। यहां अध्यक्ष पद के लिए छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। पूर्व अध्यक्ष संतोष मिश्रा के निधन के बाद यह पद रिक्त हुआ था। भाजपा ने उनकी पत्नी सरिता संतोष मिश्रा को प्रत्याशी बनाया है, जबकि कांग्रेस ने रोशन वैष्णव को उम्मीदवार घोषित किया है। कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अजय यादव ने मुकाबले को रोचक और त्रिकोणीय बना दिया है। सहसपुर लोहारा के 15 वार्डों में कुल 15 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 5,142 मतदाता अध्यक्ष पद के भाग्य का फैसला करेंगे, जिनमें 2,651 पुरुष और 2,491 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, सूरजपुर जिले की नगर पंचायत शिवनंदनपुर में भी मतदान जारी है। यहां अध्यक्ष पद के लिए भाजपा, कांग्रेस सहित तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। इसके अलावा 15 वार्डों में पार्षद पद के लिए 52 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। निर्वाचन के लिए 15 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कुल 4,642 मतदाता मतदान करेंगे। अधिकारियों के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है।