Sunday, July 12, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

दिल्ली रेलवे नेटवर्क में बड़ा बदलाव संभव, स्टेशनों के नाम बदलने की तैयारी ...

June 3, 2026 Source: News Katha

दिल्ली रेलवे नेटवर्क में बड़ा बदलाव संभव, स्टेशनों के नाम बदलने की तैयारी ...
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों शकूरबस्ती और बिजवासन के नाम बदलने की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है। हाल ही में इन स्टेशनों का पुनर्विकास और प्लेटफॉर्म विस्तार कार्य पूरा हुआ है, जिसके बाद रेलवे प्रशासन इनके नए नामों पर विचार कर रहा है। किसी भी रेलवे स्टेशन का नाम बदलने का अंतिम अधिकार गृह मंत्रालय के पास होता है। शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन को तीन से बढ़ाकर छह प्लेटफॉर्म वाला आधुनिक स्टेशन बनाया गया है। रेलवे की योजना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से कुछ महत्वपूर्ण ट्रेनों को यहां स्थानांतरित करने की भी है। माना जा रहा है कि स्टेशन का नाम आसपास के प्रमुख क्षेत्रों जैसे रानी बाग या पंजाबी बाग के आधार पर बदला जा सकता है। वहीं, बिजवासन स्टेशन के नाम में बदलाव या उसके साथ “दिल्ली” जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, अक्टूबर से बिजवासन स्टेशन का संचालन शुरू करने की तैयारी है। यहां पुरानी दिल्ली और सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन से कुछ ट्रेनों को शिफ्ट किया जा सकता है। इसके अलावा सदर बाजार, आदर्श नगर, पटेल नगर और तिलक ब्रिज जैसे कई स्टेशनों के नाम के आगे “दिल्ली” जोड़ने का प्रस्ताव भी चर्चा में है। रेलवे का उद्देश्य नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यातायात का दबाव कम करना और अन्य विकसित स्टेशनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के 2650 करोड़ रुपये के पुनर्विकास प्रोजेक्ट को भी गति दी जाएगी। वर्ष 2029 तक पूरा होने वाली इस परियोजना के तहत स्टेशन को आधुनिक मल्टी-लेवल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां प्रतिदिन लगभग 7 लाख यात्रियों के आवागमन की क्षमता होगी।