Wednesday, August 19, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Sports

भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव संभव, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर संकट ....

June 4, 2026 Source: News Katha

भारतीय टी20 टीम में बड़ा बदलाव संभव, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर संकट ....
भारतीय टी20 क्रिकेट टीम की कप्तानी को लेकर बड़ा बदलाव सामने आ सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वर्तमान टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं और चयनकर्ता अब एक नए लंबे समय के कप्तान की तलाश में हैं। इस दौड़ में सबसे आगे श्रेयस अय्यर का नाम बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। सूर्यकुमार यादव ने जुलाई 2024 में रोहित शर्मा के बाद भारतीय टी20 टीम की कप्तानी संभाली थी। उनकी कप्तानी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीता और कई द्विपक्षीय सीरीज भी अपने नाम कीं। इसके बावजूद उनके व्यक्तिगत प्रदर्शन में हाल के समय में गिरावट देखी गई है। टी20 वर्ल्ड कप और आईपीएल 2026 दोनों में उनका बल्लेबाजी प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। आईपीएल में उन्होंने 13 मैचों में सिर्फ 270 रन बनाए, जिससे उनके फॉर्म को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी कारण चयनकर्ता, बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट अब भारतीय टी20 टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए एक नए नेतृत्व विकल्प पर विचार कर रहे हैं। खबरों के अनुसार, इस विषय पर हेड कोच गौतम गंभीर से भी चर्चा की जाएगी और उसके बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। टीम प्रबंधन का फोकस केवल आगामी सीरीज पर नहीं बल्कि अगले दो टी20 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए एक स्थायी कप्तान चुनने पर है, जो लंबे समय तक टीम का नेतृत्व कर सके और युवा खिलाड़ियों को तैयार कर सके। श्रेयस अय्यर को कप्तानी का सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। आईपीएल और घरेलू क्रिकेट में उनकी कप्तानी क्षमता और निरंतर प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। इसके अलावा तिलक वर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन जैसे खिलाड़ियों के नाम भी संभावित विकल्पों में शामिल हैं। सूर्यकुमार यादव, जिन्हें उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी और 360 डिग्री शॉट्स के लिए “मिस्टर 360” कहा जाता है, ने अब तक भारत के लिए 113 टी20 मैचों में 3272 रन बनाए हैं, जिसमें 4 शतक और 25 अर्धशतक शामिल हैं। हालांकि हालिया फॉर्म में गिरावट के कारण उनकी कप्तानी और टीम में भूमिका दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।