Thursday, July 9, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Politics

के. अन्नामलाई ने बीजेपी छोड़ी, शीर्ष नेतृत्व ने दिया इस्तीफे को हरी झंडी ...

June 5, 2026 Source: News Katha

के. अन्नामलाई ने बीजेपी छोड़ी, शीर्ष नेतृत्व ने दिया इस्तीफे को हरी झंडी ...
तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है। इस फैसले के बाद तमिलनाडु की राजनीति में हलचल तेज हो गई है और उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। बीजेपी की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस रिलीज में पुष्टि की गई कि अन्नामलाई अब पार्टी के सदस्य नहीं रहे। पत्र में कहा गया कि उनके द्वारा दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है और वे अब भारतीय जनता पार्टी से पूरी तरह अलग हो चुके हैं। यह प्रेस रिलीज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर के साथ जारी की गई। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ समय से अन्नामलाई पार्टी में हाशिए पर चल रहे थे। हालांकि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें मनाने की कोशिश की और इस बीच उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात भी की थी। इसके बावजूद हालात नहीं बदले और उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला कर लिया। अन्नामलाई साल 2020 में बीजेपी से जुड़े थे और बहुत ही कम समय में अपनी सक्रिय और आक्रामक राजनीतिक शैली के कारण चर्चा में आ गए। 2021 में उन्हें तमिलनाडु बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में कुछ महत्वपूर्ण चुनावी बढ़त भी हासिल की। हालांकि बाद में गठबंधन की राजनीतिक परिस्थितियों के चलते उन्हें अध्यक्ष पद से हटना पड़ा। उनके राजनीतिक सफर में 2021 का विधानसभा चुनाव और 2024 का लोकसभा चुनाव अहम रहे, जहां पार्टी के वोट शेयर में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। उनके इस्तीफे के बाद अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वे आगे किस राजनीतिक दिशा में कदम बढ़ाते हैं।