Sunday, July 12, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए खुशखबरी, 1000 नई EV टैक्सियां शुरू ...

June 6, 2026 Source: News Katha

दिल्ली-NCR के यात्रियों के लिए खुशखबरी, 1000 नई EV टैक्सियां शुरू ...
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए अब कैब सेवा का एक नया विकल्प उपलब्ध हो गया है। वियतनाम की मोबिलिटी कंपनी Green SM ने भारत में अपनी शुरुआत करते हुए 1000 ऐप-आधारित इलेक्ट्रिक टैक्सियों को सड़कों पर उतार दिया है। दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने इन इलेक्ट्रिक कैब्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले कंपनी लाओस, इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसे देशों में अपनी सेवाएं शुरू कर चुकी है। शुरुआती चरण में Green SM की सेवाएं दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख क्षेत्रों में उपलब्ध रहेंगी। बाद में यात्रियों की मांग और प्रतिक्रिया के आधार पर इसका विस्तार अन्य शहरों और राज्यों तक किया जाएगा। इस मौके पर पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली सरकार प्रदूषण कम करने और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ऐसी पर्यावरण-अनुकूल पहलों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और लोगों को आधुनिक तथा किफायती यात्रा का विकल्प मिलेगा। कंपनी ने फिलहाल 7-सीटर इलेक्ट्रिक टैक्सियों को सेवा में शामिल किया है, जिन्हें खासतौर पर प्रीमियम ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए वाहनों में सीसीटीवी कैमरे, इमरजेंसी सपोर्ट बटन और इन-कार मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी सुविधाएं दी गई हैं। ग्राहक मोबाइल ऐप और हॉटलाइन नंबर के माध्यम से टैक्सी बुक कर सकेंगे। कंपनी के भारत परिचालन प्रमुख (COO) मनोज रविकांति के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर देश की विविधता और अलग-अलग ट्रैवल पैटर्न का प्रतिनिधित्व करता है। इसी वजह से इसे पहले बाजार के रूप में चुना गया है। कंपनी का कहना है कि सेवा सफल रहने पर इसे चरणबद्ध तरीके से देश के अन्य हिस्सों तक भी विस्तारित किया जाएगा। सभी ड्राइवरों को सड़क सुरक्षा और ग्राहक सेवा से संबंधित विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।