Saturday, July 11, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

विशाखापत्तनम हादसे के बाद सरकार का बड़ा फैसला, मृतकों के परिजनों को करोड़ों की सहायता...

June 9, 2026 Source: News Katha

विशाखापत्तनम हादसे के बाद सरकार का बड़ा फैसला, मृतकों के परिजनों को करोड़ों की सहायता...
आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित विजाग स्टील प्लांट में हुए भीषण विस्फोट के बाद केंद्र और राज्य सरकार ने मृतक कर्मचारियों के परिवारों के लिए बड़े राहत पैकेज की घोषणा की है। हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को आर्थिक सहायता के साथ नौकरी और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बताया कि दुर्घटना में मृत नियमित कर्मचारियों के परिवारों को कुल 1.72 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाएगा, जबकि संविदा कर्मचारियों के परिजनों को 45.75 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी। इसके अलावा सभी मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये की विशेष राहत राशि भी दी जाएगी। प्रत्येक मृतक कर्मचारी के परिवार से एक सदस्य को रोजगार देने की घोषणा भी की गई है। गंभीर रूप से घायल कर्मचारियों को 10 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी और उनके इलाज का पूरा खर्च राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) उठाएगा। वहीं, हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया है, जो दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ सुरक्षा मानकों की समीक्षा करेगी। केंद्रीय इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने भी मृतकों के परिवारों के लिए 25-25 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मृतकों के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने का आश्वासन दिया गया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। सोमवार शाम स्टील मेल्ट शॉप-1 में हुए इस हादसे में आठ कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से झुलसे कुछ कर्मचारियों की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है।