Saturday, July 11, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

‘89 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब सब्सिडी में कटौती’, राहुल गांधी ने उठाए सवाल...

June 9, 2026 Source: News Katha

‘89 रुपये की बढ़ोतरी के बाद अब सब्सिडी में कटौती’, राहुल गांधी ने उठाए सवाल...
पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच भारत में भी पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस महंगी हो रही है। इसी दौरान केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत मिलने वाले सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडरों की वार्षिक संख्या में कटौती कर दी है, जिससे राजनीतिक बहस तेज हो गई है। सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिलने वाले सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या सालाना 9 से घटाकर 4 कर दी है। इस फैसले पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आर्थिक और विदेश नीति पर निशाना साधा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की नीतियों के कारण गरीब परिवारों और महिलाओं पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। उनका आरोप है कि सरकार ने पहले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए और अब सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या भी कम कर दी है। राहुल गांधी के मुताबिक, बीते तीन महीनों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 89 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रवासी मजदूरों के लिए उपयोगी 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 323 रुपये तक का इजाफा किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि बढ़ती महंगाई के बीच गरीब और निम्न आय वर्ग के लोग अपने घरेलू खर्च कैसे संभाल पाएंगे। कांग्रेस नेता ने सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का आरोप लगाया। वहीं केंद्र सरकार का कहना है कि यह फैसला लाभार्थियों की औसत गैस खपत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और अधिकांश परिवारों की जरूरतों के आधार पर ही सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या तय की गई है।