Monday, June 15, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

World

अफगानिस्तान के रिहायशी इलाकों पर पाकिस्तानी बमबारी, 11 बच्चों सहित 13 की जान गई...

June 10, 2026 Source: News Katha

अफगानिस्तान के रिहायशी इलाकों पर पाकिस्तानी बमबारी, 11 बच्चों सहित 13 की जान गई...
Pakistan Airstrike On Afghanistan: पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन करते हुए हवाई हमला किया है। मंगलवार देर रात पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने अफगान सीमा में घुसकर कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया। इस हमले में 11 मासूम बच्चों सहित कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। तालिबान सरकार ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन और आम नागरिकों के खिलाफ क्रूर अपराध बताया है। अफगानिस्तान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी क्षेत्रों में बमबारी की, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए। तालिबान प्रशासन के अनुसार, हमले में मारे गए 13 लोगों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति शामिल हैं। प्रशासन ने सभी मृतकों को शहीद घोषित किया है। घटना के बाद प्रभावित इलाकों की दर्दनाक तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें भारी तबाही देखी जा सकती है। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से ध्यान देने की अपील की है। प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा कि निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। गौरतलब है कि इस हमले से एक दिन पहले संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने अफगानिस्तान के मुद्दे पर पाकिस्तान की आलोचना की थी। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने पाकिस्तान पर अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानूनों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए उसकी कार्रवाइयों को गंभीर चिंता का विषय बताया था।