India
बंगाल सरकार में विभागों का बंटवारा, वित्त मंत्री बने स्वप्न दास गुप्ता, CM ने रखा गृह...
June 10, 2026 Source: News Katha
पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार ने मंत्रियों के बीच विभागों का आधिकारिक बंटवारा कर दिया है। बुधवार को राज्य सरकार की ओर से विभाग आवंटन का गजट नोटिफिकेशन जारी किया गया। एक जून को हुए पहले कैबिनेट विस्तार के 10 दिन बाद 35 नए मंत्रियों को उनके विभाग सौंपे जाने की औपचारिक घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गृह, बिजली, पहाड़ी क्षेत्र विकास, भूमि एवं भूमि सुधार तथा शरणार्थी राहत एवं पुनर्वास जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं कोलकाता के राशबेहारी विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित स्वप्न दास गुप्ता को राज्य का नया वित्त मंत्री बनाया गया है।
नोआपाड़ा से विधायक अर्जुन सिंह को श्रम एवं परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) इंद्रनील खान को खेल एवं उपभोक्ता मामले विभाग का प्रभार सौंपा गया है। भाजपा सरकार ने पहली बार उत्तर बंगाल विकास मंत्रालय का गठन किया है, जिसकी जिम्मेदारी निशिथ प्रमाणिक को दी गई है।
वरिष्ठ चिकित्सक और विधाननगर से पहली बार विधायक बने डॉ. शारद्वत मुखर्जी को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सौंपा गया है। कृषि विभाग का दायित्व दूध कुमार मंडल को मिला है, जबकि शंकर घोष को संसदीय कार्य और पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। मनोज उरांव को वन एवं पर्यावरण विभाग का प्रभार दिया गया है।
इसके अलावा डॉ. अजय कुमार पोद्दार को पीएचई और लोक निर्माण विभाग सौंपा गया है। उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास विभाग जगन्नाथ चटर्जी को तथा स्कूल शिक्षा विभाग दीपक बर्मन को दिया गया है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 294 में से 207 सीटें जीतकर राज्य में सरकार बनाई थी।