World
पाकिस्तान आर्मी का Mi-17 हेलिकॉप्टर PoK में दुर्घटनाग्रस्त, सभी सवारों की मौत...
June 10, 2026 Source: News Katha
पाकिस्तान आर्मी एविएशन का एक Mi-17 हेलिकॉप्टर बुधवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा मुजफ्फराबाद के पास उड़ान भरने के दौरान हुआ। दुर्घटना में हेलिकॉप्टर में सवार सभी सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। पाकिस्तानी सेना ने शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी को हादसे की मुख्य वजह बताया है।
सेना की ओर से जारी बयान के अनुसार, हेलिकॉप्टर टेक-ऑफ के दौरान अचानक तकनीकी समस्या का शिकार हो गया, जिसके बाद वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बचाव और रिकवरी टीमों को मौके पर भेजा गया। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हेलिकॉप्टर में पायलट समेत करीब 20 सैनिक सवार थे और सभी की जान चली गई।
बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना पीओके के नीलम वैली क्षेत्र में हुई। इस इलाके में हाल के दिनों में प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पाकिस्तान सेना ने कई हेलिकॉप्टर तैनात किए हुए हैं। उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले बलूचिस्तान में भी पाकिस्तानी सेना का एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें सवार सभी लोग मारे गए थे।
Mi-17 रूस में निर्मित एक मध्यम श्रेणी का परिवहन हेलिकॉप्टर है, जिसे मिल मॉस्को हेलीकॉप्टर प्लांट ने विकसित किया है। यह हेलिकॉप्टर लगभग 30 सैनिकों, 12 स्ट्रेचर या करीब 4,000 किलोग्राम सामान ले जाने में सक्षम है। इसमें दो क्लिमोव TV3-117 इंजन लगे हैं और इसकी अधिकतम गति लगभग 250 किलोमीटर प्रति घंटा है।