Friday, June 26, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Sports

IND vs AFG ODI Series: रोहित शर्मा के सामने सुनहरा मौका, 37 साल पुराना रिकॉर्ड टूटना तय..

June 11, 2026 Source: News Katha

IND vs AFG ODI Series: रोहित शर्मा के सामने सुनहरा मौका, 37 साल पुराना रिकॉर्ड टूटना तय..
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 जून से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम करने का मौका होगा। लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे रोहित शर्मा जैसे ही धर्मशाला में खेले जाने वाले पहले मुकाबले में मैदान पर उतरेंगे, वह भारतीय क्रिकेट के 37 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। दरअसल, पहले वनडे मैच के दिन रोहित शर्मा की उम्र 39 साल और 44 दिन होगी। इसके साथ ही वह भारत की ओर से वनडे क्रिकेट खेलने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल 1983 विश्व कप विजेता टीम के सदस्य मोहिंदर अमरनाथ के नाम दर्ज है। अमरनाथ ने 1989 में अपना आखिरी वनडे मुकाबला 39 साल और 36 दिन की उम्र में खेला था। ऐसे में रोहित शर्मा के पास इस उपलब्धि को पीछे छोड़कर नया इतिहास रचने का शानदार अवसर है। हालांकि, सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम को कुछ झटके भी लगे हैं। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या चोट के कारण इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। दोनों खिलाड़ी फिलहाल फिटनेस हासिल करने की प्रक्रिया में हैं और इंग्लैंड दौरे तक उनकी वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजी की जिम्मेदारी रोहित शर्मा, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल जैसे खिलाड़ियों पर होगी। धर्मशाला में होने वाले पहले मुकाबले में सभी की नजरें रोहित शर्मा पर रहेंगी, जो टीम को मजबूत शुरुआत देने के साथ-साथ भारतीय क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड भी अपने नाम करने के करीब हैं।