Sunday, June 14, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

सात सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा, उद्धव ठाकरे ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग...

June 14, 2026 Source: News Katha

सात सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा, उद्धव ठाकरे ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग...
महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों ‘ऑपरेशन टाइगर’ को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, शिवसेना (यूबीटी) के सात सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इन अटकलों के बीच पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार (14 जून) को अपने सांसदों की आपात बैठक बुलाई है। यह बैठक मुंबई के बांद्रा ईस्ट स्थित मातोश्री निवास पर आयोजित की जा रही है, जहां उद्धव ठाकरे स्वयं सांसदों से बातचीत कर उनकी राय और मन की स्थिति जानने का प्रयास करेंगे। माना जा रहा है कि यह बैठक पार्टी में संभावित टूट की आशंकाओं के मद्देनजर बुलाई गई है। पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा जोरों पर है कि शिवसेना (यूबीटी) के नौ में से सात सांसद शिंदे गुट का दामन थाम सकते हैं। इस पूरी कवायद को राजनीतिक गलियारों में ‘ऑपरेशन टाइगर’ नाम दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 7 जून को दिल्ली में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और ठाकरे गुट के कुछ सांसदों के बीच एक गोपनीय बैठक भी हुई थी। शिंदे गुट के नेताओं का दावा है कि कुछ सांसद जल्द ही उनकी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। वहीं, इस मुद्दे पर भाजपा नेता प्रवीण दारेकर ने कहा कि भाजपा मजबूत पार्टी है और केवल घर बैठकर राजनीति करने वालों से लोग ऊब चुके हैं। दूसरी ओर, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा और उसके सहयोगी दलों पर जोड़-तोड़ और दल-बदल की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस तरह की कोशिशें उनकी राजनीतिक कमजोरी को दर्शाती हैं।