Saturday, July 11, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

2 लाख के लिए इंसानियत हुई शर्मसार! युवक का अपहरण कर बेल्ट से पीटा, निर्वस्त्र घुमाया...

June 14, 2026 Source: News Katha

2 लाख के लिए इंसानियत हुई शर्मसार! युवक का अपहरण कर बेल्ट से पीटा, निर्वस्त्र घुमाया...
महाराष्ट्र के मुंबई के डोंगरी इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। महज 2 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद में एक 33 वर्षीय युवक के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोप है कि युवक का अपहरण कर उसे करीब 48 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया, इस दौरान उसे खाने-पीने के लिए कुछ नहीं दिया गया और चमड़े की बेल्ट से बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित सचिन रानपिसे ने कुछ समय पहले एक व्यक्ति से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। आर्थिक तंगी के कारण वह समय पर रकम वापस नहीं कर सका और उसने कुछ समय की मोहलत मांगी। लेकिन आरोपियों ने उसे राहत देने के बजाय पैसे की तत्काल मांग की और कथित तौर पर उसके अपहरण की साजिश रच डाली। 8 से 10 जून के बीच सचिन को डोंगरी स्थित एमएम रेजीडेंसी लॉज के कमरा नंबर 104 में बंधक बनाकर रखा गया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने उसे चमड़े की बेल्ट से बुरी तरह पीटा और कथित तौर पर निर्वस्त्र कर लॉज के कॉरिडोर में घूमने के लिए मजबूर किया। 11 जून को किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद सचिन ने डोंगरी पुलिस स्टेशन पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अब्दुल्लाह शौकत भुसारी, जुनैद कायमुद्दीन खान, मोहम्मद साद पठान, अराफात हशम खानानी और साहिल शेख शामिल हैं। हमले में पीड़ित के सिर, हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सामान भी बरामद कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।