Saturday, July 11, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

बारिश के बावजूद बेंगलुरु में CJP का प्रदर्शन, प्रकाश राज ने बढ़ाया हौसला...

June 14, 2026 Source: News Katha

बारिश के बावजूद बेंगलुरु में CJP का प्रदर्शन, प्रकाश राज ने बढ़ाया हौसला...
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने रविवार को बेंगलुरु में भारी बारिश के बावजूद विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में अभिनेता प्रकाश राज भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर और छाते लेकर पहुंचे और NEET पेपर लीक तथा CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई और परीक्षा प्रणाली में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया। इससे पहले हैदराबाद के धरना चौक पर आयोजित प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल या सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ है। वांगचुक ने कहा कि देश को भय और नफरत से मुक्त लोकतांत्रिक व्यवस्था की जरूरत है और मौजूदा समय में परीक्षा प्रणाली की खामियां सबसे बड़ी चुनौती बन चुकी हैं। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थक पिछले नौ दिनों में दिल्ली, पुणे, लखनऊ, अमृतसर और बेंगलुरु समेत पांच शहरों में प्रदर्शन कर चुके हैं। इस अभियान की शुरुआत 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर से हुई थी। आंदोलन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग और परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करना है। कॉकरोच जनता पार्टी की स्थापना 16 मई को अभिजीत दीपके ने की थी। पार्टी ने सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रियता हासिल की है। दावा किया जा रहा है कि महज 26 दिनों में उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2.27 करोड़ और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर 2.75 लाख से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं।