Politics
TMC से टूटकर नया समीकरण, बागी सांसद NDA का करेंगे समर्थन...
June 14, 2026 Source: News Katha
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर राजनीतिक संकट लगातार गहराता जा रहा है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और सांसद अब अलग राह पकड़ते दिखाई दे रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर टीएमसी के बागी सांसदों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।
सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में बागी सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी (एनसीपी) में विलय का फैसला किया है। यह पार्टी असम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में सक्रिय है। साथ ही, बागी गुट ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को समर्थन देने का भी निर्णय लिया है।
बैठक के बाद काकोली घोष दस्तीदार, सुदीप बंद्योपाध्याय और शताब्दी रॉय समेत कई सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलने पहुंचे। इससे पहले काकोली घोष दस्तीदार 19 सांसदों के हस्ताक्षर वाला पत्र स्पीकर को सौंप चुकी हैं, जिसमें टीएमसी से अलग गुट बनाने और एनडीए को समर्थन देने का दावा किया गया था।
दूसरी ओर, अभिषेक बनर्जी के निर्देश पर सांसद कार्ति झा आजाद और सागरिका घोष ने भी स्पीकर से मुलाकात की। उन्होंने अभिषेक बनर्जी का पत्र सौंपते हुए मांग की कि अलग गुट को मान्यता न दी जाए, क्योंकि यह संविधान और दल-बदल कानून की भावना के खिलाफ है।
लोकसभा अध्यक्ष से मिलने वाले सांसदों में काकली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, सुदीप बनर्जी, सयानी घोष, माला रॉय, दीपक अधिकारी (देव), यूसुफ पठान, जून माल्या और अन्य सांसद शामिल थे। उनके साथ भाजपा सांसद निशिकांत दुबे भी मौजूद रहे। कुल 22 सांसदों ने स्पीकर से मुलाकात की।