Monday, June 15, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

World

US Plane Crash: अमेरिका के मिसौरी में बड़ा हवाई हादसा, पायलट सहित 12 लोगों की जान गई...

June 15, 2026 Source: News Katha

US Plane Crash: अमेरिका के मिसौरी में बड़ा हवाई हादसा, पायलट सहित 12 लोगों की जान गई...
अमेरिका के मिसौरी राज्य से एक दुखद खबर सामने आई है। रविवार को बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक स्काईडाइविंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में विमान में सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 11 स्काईडाइवर और विमान का पायलट शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा मिसौरी के बटलर शहर स्थित बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास हुआ। बटलर शहर कैनसस सिटी से लगभग 60 मील दक्षिण में स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह करीब 11:34 बजे विमान ने उड़ान भरी थी, लेकिन टेक-ऑफ के तुरंत बाद ही वह अज्ञात कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिसौरी स्टेट हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग ने बताया कि 911 पर एक विमान के आग की लपटों में घिरकर गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो चुकी थी। बेट्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट के प्रवक्ता के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार सभी लोग स्काईडाइविंग मिशन पर थे और निर्धारित ऊंचाई तक पहुंचने की तैयारी में थे। अमेरिकी फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने बताया कि हादसे का शिकार हुआ विमान पैसिफिक एयरोस्पेस पी-750 मॉडल का था। घटना के बाद FAA और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।