Tuesday, June 16, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

एकनाथ शिंदे का नाम गायब होते ही कार्यक्रम में शुरू हुआ बवाल...

June 16, 2026 Source: News Katha

एकनाथ शिंदे का नाम गायब होते ही कार्यक्रम में शुरू हुआ बवाल...
महाराष्ट्र की सत्ताधारी महायुति में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। इस बार विवाद नवी मुंबई महानगरपालिका के एक सरकारी कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र को लेकर खड़ा हुआ है। आरोप है कि विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं के उद्घाटन समारोह के निमंत्रण पत्र से उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे का नाम हटा दिया गया, जिससे शिंदे गुट के नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई। सोमवार को आयोजित इस कार्यक्रम में वन मंत्री और बीजेपी नेता गणेश नाईक मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ, बड़ी संख्या में शिंदे समर्थक वहां पहुंच गए और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि जानबूझकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपेक्षा की गई है। हालांकि, निमंत्रण पत्र में सांसद नरेश म्हस्के और एकनाथ शिंदे के बेटे तथा सांसद श्रीकांत शिंदे का नाम शामिल था, लेकिन उपमुख्यमंत्री का नाम नहीं होने से विवाद और गहरा गया। शिवसेना नेता और सांसद नरेश म्हस्के ने दावा किया कि नगर निगम प्रशासन ने प्रोटोकॉल के अनुसार मूल निमंत्रण पत्र में एकनाथ शिंदे का नाम शामिल किया था, लेकिन बाद में गणेश नाईक और मेयर के निर्देश पर इसे हटाया गया। वहीं, बीजेपी विधायक मंदा म्हात्रे ने भी बदले गए निमंत्रण पत्र पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का पूरा श्रेय गलत तरीके से गणेश नाईक को दिया गया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए बीच में ही वॉकआउट कर दिया। निमंत्रण पत्र को लेकर शुरू हुआ यह विवाद महायुति के सहयोगी दलों बीजेपी और शिंदे गुट के बीच बढ़ती राजनीतिक खींचतान का एक और उदाहरण माना जा रहा है।