Wednesday, June 17, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

G7 में दिखी भारत-कनाडा की नई दोस्ती, PM मोदी ने इस साल कनाडा दौरे के दिए संकेत...

June 16, 2026 Source: News Katha

G7 में दिखी भारत-कनाडा की नई दोस्ती, PM मोदी ने इस साल कनाडा दौरे के दिए संकेत...
G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने भारत-कनाडा संबंधों को नई दिशा देने, आर्थिक सहयोग बढ़ाने और वैश्विक मुद्दों पर मिलकर काम करने पर विस्तार से चर्चा की। लंबे समय से चली आ रही कूटनीतिक दूरी के बाद यह बैठक दोनों देशों के रिश्तों में नई गर्मजोशी का संकेत मानी जा रही है। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि G7 सम्मेलन के दौरान मार्क कार्नी के साथ उनकी पहली औपचारिक मुलाकात बेहद सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं के बीच पहले भी कई बार बातचीत हो चुकी है और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों समेत विभिन्न मुद्दों पर लगातार विचारों का आदान-प्रदान होता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और कनाडा मित्र देशों के रूप में आगे बढ़ रहे हैं और दोनों देशों के बीच सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कनाडा में रह रहे भारतीय समुदाय के प्रति वहां की सरकार के सहयोग और संवेदनशीलता के लिए प्रधानमंत्री कार्नी का धन्यवाद भी किया। मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस साल कनाडा की यात्रा करने का प्रयास करेंगे और उम्मीद है कि उनकी यात्रा से पहले ही इस समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकेगा। वहीं, प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) पर चल रही बातचीत को सकारात्मक बताते हुए कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य दशक के अंत तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करना है। उन्होंने विश्वास जताया कि तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और व्यापार के क्षेत्र में भारत और कनाडा के बीच सहयोग की नई संभावनाएं खुलेंगी।