Thursday, June 18, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Politics

झारखंड राज्यसभा चुनाव में आज वोटिंग, JMM से बैद्यनाथ राम और कांग्रेस से प्रणव झा मैदान में...

June 18, 2026 Source: News Katha

झारखंड राज्यसभा चुनाव में आज वोटिंग, JMM से बैद्यनाथ राम और कांग्रेस से प्रणव झा मैदान में...
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए आज 18 जून को मतदान हो रहा है। इस चुनाव में कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बैद्यनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से प्रणव झा चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना उम्मीदवार उतारने के बजाय निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नथवानी को समर्थन देने का फैसला किया है, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है। संख्या बल के हिसाब से देखा जाए तो JMM उम्मीदवार बैद्यनाथ राम की जीत लगभग तय मानी जा रही है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के लिए मुकाबला आसान नहीं माना जा रहा है। मतदान सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक झारखंड विधानसभा परिसर में बने विशेष मतदान केंद्र पर होगा। वोटिंग खत्म होने के बाद रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजी जाएगी और मंजूरी मिलने के बाद शाम करीब 5 बजे मतगणना शुरू होगी। मतदान से पहले INDIA गठबंधन और NDA ने अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें कर रणनीति तैयार की। कांग्रेस का दावा है कि गठबंधन के सभी 56 विधायक एकजुट हैं, जबकि बीजेपी का कहना है कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक अंतरात्मा की आवाज पर मतदान कर सकते हैं। परिमल नथवानी के मैदान में उतरने से क्रॉस वोटिंग की संभावना भी चर्चा का विषय बनी हुई है। राज्यसभा पहुंचने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 28 प्रथम वरीयता वोटों की जरूरत होगी। बता दें कि एक सीट JMM के सह-संस्थापक शिबू सोरेन के निधन के कारण खाली हुई थी, जबकि दूसरी सीट सांसद दीपक प्रकाश का कार्यकाल समाप्त होने के कारण रिक्त हो रही है। दोनों सीटों के नतीजों पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।