Thursday, June 18, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

सूरत के व्यापारियों को बड़ी सौगात, टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन को मिली मंजूरी...

June 18, 2026 Source: News Katha

सूरत के व्यापारियों को बड़ी सौगात, टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन को मिली मंजूरी...
देश की टेक्सटाइल राजधानी के रूप में पहचान रखने वाले सूरत के कपड़ा व्यापारियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गुजरात सरकार ने शहर में देश के पहले विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन की स्थापना को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से कपड़ा उद्योग से जुड़े व्यापारियों को बेहतर सुरक्षा और कानूनी सहायता मिलने की उम्मीद है। यह विशेष पुलिस स्टेशन खास तौर पर कपड़ा कारोबार से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों, व्यापारिक विवादों और अन्य अपराधों की जांच के लिए बनाया जाएगा। सरकार की योजना है कि इस परियोजना को अगले एक से दो वर्षों के भीतर शुरू कर दिया जाए। फेडरेशन ऑफ सूरत टेक्सटाइल ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश हाकिम और सचिव दिनेश कटारिया ने बताया कि संगठन पिछले तीन वर्षों से इस मांग को लगातार उठा रहा था। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद व्यापारियों में खुशी का माहौल है। वर्तमान में कपड़ा कारोबार से जुड़े धोखाधड़ी के मामले अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज होते हैं, जिससे मामलों की सही स्थिति का पता लगाने और एक ही आरोपी के खिलाफ दर्ज कई शिकायतों पर नजर रखना मुश्किल हो जाता है। इसी वजह से कई मामलों में कार्रवाई में देरी भी होती है। व्यापारियों का मानना है कि विशेष टेक्सटाइल पुलिस स्टेशन शुरू होने के बाद जांच प्रक्रिया तेज होगी और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना आसान हो जाएगा। इसके अलावा बार-बार अपराध करने वाले लोगों पर प्रभावी निगरानी भी रखी जा सकेगी। इससे सूरत के करोड़ों रुपये के कपड़ा कारोबार को अधिक सुरक्षा और भरोसा मिलेगा।