Friday, June 19, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

राज्यसभा चुनाव में NDA का दबदबा, 27 में से 19 सीटों पर जीत; INDIA गठबंधन को झटका...

June 19, 2026 Source: News Katha

राज्यसभा चुनाव में NDA का दबदबा, 27 में से 19 सीटों पर जीत; INDIA गठबंधन को झटका...
राज्यसभा की 10 राज्यों में खाली हुई 27 सीटों के लिए हुए चुनावों के नतीजों ने संसद के ऊपरी सदन में एनडीए (NDA) की स्थिति को और मजबूत कर दिया है। चुनाव में एनडीए ने 27 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि INDIA गठबंधन के हिस्से में केवल 5 सीटें आईं। शेष सीटों पर अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। इन नतीजों के बाद 245 सदस्यीय राज्यसभा में एनडीए की संख्या बढ़कर 152 तक पहुंच गई है। वहीं, INDIA गठबंधन के पास 63 सदस्य हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि बीजू जनता दल (BJD) और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP) जैसे दलों का समर्थन भी एनडीए को मिलता है, तो उसका आंकड़ा 164 तक पहुंच सकता है, जो दो-तिहाई बहुमत के करीब माना जाता है। इस चुनाव में सबसे बड़ा झटका INDIA गठबंधन को झारखंड में लगा। राज्य की दो सीटों में से एक पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने जीत दर्ज की, जबकि दूसरी सीट पर एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को हराकर सबको चौंका दिया। नथवानी की जीत राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। मध्य प्रदेश में भी मुकाबले की संभावना थी, लेकिन कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन की उम्मीदवारी अयोग्य घोषित होने के बाद भाजपा को एक सीट निर्विरोध मिल गई, जिससे एनडीए को अतिरिक्त बढ़त मिली। ताजा नतीजों के बाद साफ है कि राज्यसभा में एनडीए पहले से अधिक मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में सरकार के लिए महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने का रास्ता आने वाले समय में और आसान हो सकता है।