Sunday, October 11, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

GST विभाग की बड़ी कार्रवाई: कई उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापा, एक करोड़ की टैक्स चोरी उजागर

June 23, 2026 Source: News Katha

GST विभाग की बड़ी कार्रवाई: कई उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर छापा, एक करोड़ की टैक्स चोरी उजागर
राज्य जीएसटी विभाग ने रायपुर जिले के आरंग और अभनपुर क्षेत्र में संचालित कई उद्योगों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का खुलासा किया है। पिछले एक सप्ताह से विभाग की टीम लगातार छापेमारी अभियान चला रही है, जिसमें बिस्किट फैक्ट्री, बेकरी, किराना, बारदाना, पोल्ट्री, पेवर ब्लॉक और पेयजल कारोबार से जुड़े कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कई कारोबारी बड़े स्तर पर उत्पादन और व्यापार कर रहे थे, लेकिन या तो जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं कर रहे थे या फिर वास्तविक कारोबार की तुलना में काफी कम कारोबार दिखा रहे थे। अधिकारियों के मुताबिक अभनपुर के कोलर स्थित एक बिस्किट फैक्ट्री, सेजबहार क्षेत्र के बेकरी और किराना कारोबारियों तथा कुछ पोल्ट्री संचालकों के यहां अब तक लगभग एक करोड़ रुपये की कर चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि जांच अभी जारी है और अंतिम आंकड़े आने बाकी हैं। जीएसटी विभाग ने कार्रवाई से पहले कई दिनों तक गोपनीय निगरानी की थी। फैक्ट्रियों से आने-जाने वाले वाहनों की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, आसपास के लोगों और कर्मचारियों से जानकारी जुटाई गई और माल की आवाजाही पर नजर रखी गई। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद ही छापेमारी की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई इकाइयां ऊंची दीवारों और बंद परिसरों के भीतर संचालित हो रही थीं, जहां बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक थी। कई मामलों में बिना वैध इनवॉइस के माल की ढुलाई भी की जा रही थी। स्टेट जीएसटी आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने कहा कि कर चोरी और फर्जीवाड़े के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। नए जीएसटी प्रावधानों के तहत बार-बार टैक्स चोरी करने वालों पर और सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा गंभीर मामलों में गैर-जमानती धाराएं भी लागू की जा सकती हैं।