World
धर्म परिवर्तन की चर्चाओं के बीच उषा वेंस बोलीं- मैं अपने हिंदू धर्म से खुश हूं
June 24, 2026 Source: News Katha
अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इन दिनों कई कारणों से चर्चा और विवादों के केंद्र में हैं। पाकिस्तान और उसके सेना प्रमुख आसिम मुनीर को लेकर दिए गए उनके बयानों के साथ-साथ उनकी पत्नी उषा वेंस के धर्म को लेकर की गई टिप्पणियों ने भी बहस छेड़ दी है।
हाल ही में स्विट्जरलैंड में हुई अमेरिका-ईरान शांति वार्ता के दौरान जेडी वेंस ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि उनकी जिंदगी में दो बेहद महत्वपूर्ण लोग हैं, जिनमें एक भारतीय और दूसरा पाकिस्तानी है। इस दौरान पाकिस्तान और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तारीफ को लेकर उन्हें अपने ही MAGA समर्थकों की नाराजगी का सामना करना पड़ा।
इसी बीच, भारतीय मूल की उनकी पत्नी उषा वेंस ने एक मीडिया इंटरव्यू में अपने धार्मिक विश्वास को लेकर साफ रुख रखा। उन्होंने कहा कि वह एक मजबूत और स्थिर हिंदू परिवार में पली-बढ़ी हैं और उन्हें कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि उन्हें किसी दूसरे धर्म को अपनाने की जरूरत है। उषा वेंस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अपने हिंदू धर्म से खुश हैं और किसी नई आस्था की तलाश नहीं कर रही हैं।
दूसरी ओर, जेडी वेंस पहले यह कह चुके हैं कि वह चाहते हैं कि भविष्य में उनकी पत्नी ईसाई धर्म अपनाएं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया था कि वह अपने बच्चों को चर्च ले जाने के लिए पत्नी पर दबाव डाल चुके हैं, हालांकि उषा वेंस के धर्म परिवर्तन का फिलहाल कोई सवाल नहीं है।
जेडी वेंस के इन बयानों को लेकर अमेरिका समेत कई देशों में आलोचना हो रही है और यह मुद्दा लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।