Wednesday, July 8, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Sports

दीप्ति शर्मा के सामने सुनहरा मौका, एक विकेट दिलाएगा ऐतिहासिक उपलब्धि

June 25, 2026 Source: News Katha

दीप्ति शर्मा के सामने सुनहरा मौका, एक विकेट दिलाएगा ऐतिहासिक उपलब्धि
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा एक बड़े विश्व रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच गई हैं। ICC महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले मुकाबले में वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सबसे सफल गेंदबाज बनने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं। फिलहाल दीप्ति शर्मा और भारत की पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी दोनों के नाम 355-355 विकेट दर्ज हैं। ऐसे में बांग्लादेश के खिलाफ एक विकेट लेते ही दीप्ति यह ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर लेंगी। 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर दीप्ति का टूर्नामेंट अब तक शानदार रहा है। पाकिस्तान के खिलाफ उन्होंने पांच विकेट लेकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जबकि नीदरलैंड्स के खिलाफ विकेट हासिल कर उन्होंने झूलन के रिकॉर्ड की बराबरी की। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में उन्हें कोई सफलता नहीं मिली और भारत को हार का सामना करना पड़ा। दीप्ति पहले ही T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की सबसे सफल गेंदबाज बन चुकी हैं। उन्होंने 147 T20 मैचों में 167 विकेट लिए हैं। इसके अलावा 124 वनडे मुकाबलों में 166 विकेट और छह टेस्ट मैचों में 22 विकेट उनके नाम हैं। उनके शानदार आंकड़े उन्हें महिला क्रिकेट की महान गेंदबाजों की सूची में सबसे ऊपर पहुंचाने के करीब ले आए हैं। वहीं भारतीय टीम भी बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की करना चाहेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद टीम वापसी की तलाश में है। दूसरी ओर बांग्लादेश भी लगातार अच्छी लय में है और उलटफेर करने की क्षमता रखता है। ऐसे में यह मुकाबला भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है, जबकि सभी की निगाहें दीप्ति शर्मा के संभावित विश्व रिकॉर्ड पर भी टिकी रहेंगी।