Wednesday, July 8, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Development

सुरक्षित और सुगम सफर की दिशा में बड़ा कदम, सड़क निर्माण तेज

June 25, 2026 Source: News Katha

सुरक्षित और सुगम सफर की दिशा में बड़ा कदम, सड़क निर्माण तेज
*बागबहार-कोतबा सड़क निर्माण में तेजी, 39.76 करोड़ की परियोजना से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर* *10 किमी में चौड़ीकरण का कार्य पूरा, 6 पुलियों का निर्माण भी हुआ पूर्ण* रायपुर, 25 जून 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इसी क्रम में बागबहार-कोतबा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप प्रगति पर है। लगभग 39.76 करोड़ रुपये की लागत से संचालित यह परियोजना क्षेत्र के लोगों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराएगी। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता, संभाग पत्थलगांव ने बताया कि बागबहार-कोतबा मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 30 सितम्बर 2025 को मेसर्स अभय कंस्ट्रक्शन, जशपुर को कार्यादेश जारी किया गया था। परियोजना को अक्टूबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में लगभग 10 किलोमीटर लंबाई में सबग्रेड स्तर तक चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। बागबहार की ओर से जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) कार्य भी प्रारंभ हो चुका है, जिसमें लगभग एक किलोमीटर हिस्से में कार्य पूर्ण किया जा चुका है। मार्ग पर 6 पुलियों का निर्माण भी पूरा हो गया है, जबकि शेष निर्माण कार्य तेजी से जारी है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार निर्माण अवधि के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर आवागमन बनाए रखने के लिए गड्ढों की अस्थायी मरम्मत भी की जा रही है। विभाग ने बताया कि परियोजना पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को उच्च गुणवत्ता वाली, टिकाऊ और सुरक्षित सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा, जिससे आवागमन सुगम होने के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। बागबहार-कोतबा सड़क परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा तथा जिले की संपर्क व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।