Monday, June 29, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

सेशेल्स से लौटते वक्त पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से मुलाकात की, बापू को किया याद

June 29, 2026 Source: News Katha

सेशेल्स से लौटते वक्त पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय से मुलाकात की, बापू को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना तीन दिवसीय सेशेल्स दौरा पूरा कर सोमवार को भारत के लिए रवाना हो गए। दौरे के अंतिम दिन उन्होंने राजधानी विक्टोरिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की, उनके साथ बातचीत की और तस्वीरें भी खिंचवाईं। इसके बाद पीएम मोदी ने अरुल मिहु नवशक्ति विनायकर मंदिर पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। वहीं, विक्टोरिया स्थित पीस पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना हुए। इस दौरे के दौरान भारत और सेशेल्स के रिश्तों को नई मजबूती मिली। दोनों देशों ने कुल 19 महत्वपूर्ण समझौतों और विकास परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें सेशेल्स में UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली शुरू करने, 1,250 करोड़ रुपये की लाइन ऑफ क्रेडिट, साइबर सुरक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, अंतरिक्ष और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी। भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल, 10 यूटिलिटी वाहन, पांच नौकाएं, छह एम्बुलेंस, 500 मीट्रिक टन चावल और 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट भी सौंपा। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स के 50वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। वह इस समारोह में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। इस अवसर पर आयोजित सैन्य परेड में असम राइफल्स, भारतीय नौसेना और नौसेना के मार्चिंग बैंड ने भी भाग लिया। इसी दौरान प्रधानमंत्री मोदी को सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान **'गार्जियन ऑफ ब्लू होराइजन'** से सम्मानित किया गया। यह उनके नाम दर्ज 34वां विदेशी सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जो भारत और सेशेल्स के मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।