Sunday, July 5, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर अमित शाह का बंगाल दौरा, प्रतिमा की रखेंगे आधारशिला

July 5, 2026 Source: News Katha

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर अमित शाह का बंगाल दौरा, प्रतिमा की रखेंगे आधारशिला
केंद्रीय गृह मंत्री **अमित शाह** 6 जुलाई को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह भारतीय जनसंघ के संस्थापक **डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी** की 125वीं जयंती पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। उनके दौरे का मुख्य आकर्षण प्रस्तावित 125 फीट ऊंची प्रतिमा की आधारशिला रखना माना जा रहा है। यह प्रतिमा न्यूटाउन के इको पार्क और हुगली जिले के जीराट स्थित उनके पैतृक घर से जुड़े स्मृति कार्यक्रमों का प्रमुख हिस्सा होगी। अमित शाह अपने दौरे के दौरान डॉ. मुखर्जी के पैतृक आवास पर भी जाएंगे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा वह बिस्वा बांग्ला मेला ग्राउंड में आयोजित जयंती समारोह में भी शामिल होंगे। हालांकि प्रतिमा के शिलान्यास को लेकर अंतिम कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजनीतिक दृष्टि से भी शाह का यह दौरा अहम माना जा रहा है। कार्यक्रमों के अलावा उनके भाजपा के राज्य, जिला और मंडल स्तर के नेताओं, विधायकों तथा सांसदों के साथ संगठनात्मक बैठक करने की भी संभावना है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा होगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष **शमीक भट्टाचार्य** ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि जिस धरती पर डॉ. मुखर्जी का जन्म हुआ, वहां आज उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प और मजबूत हो रहा है। गौरतलब है कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री थे। उन्होंने 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना की थी, जो आगे चलकर 1980 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रूप में देश की प्रमुख राजनीतिक शक्ति बनी। अमित शाह का यह दौरा इसी वैचारिक विरासत और संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।