India
केतन अग्रवाल परिवार पर दुखों का सिलसिला जारी, पोते के बाद दादा ने भी तोड़ा दम
July 5, 2026 Source: News Katha
महाराष्ट्र के पुणे में चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड से जुड़े परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। केतन अग्रवाल के दादा, 71 वर्षीय देवीचंद अग्रवाल का शनिवार रात हार्ट अटैक से निधन हो गया। परिवार का कहना है कि पोते की दर्दनाक हत्या के बाद से ही वह गहरे सदमे में थे और उनकी तबीयत लगातार खराब चल रही थी। 18 जून को केतन की मौत के बाद उन्होंने खुद को संभालने की काफी कोशिश की, लेकिन इस गम से उबर नहीं सके। डॉक्टरों ने शनिवार रात करीब 9:45 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देवीचंद अग्रवाल हाल ही में केतन को न्याय दिलाने के लिए आयोजित कैंडिल मार्च में भी शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने भावुक होकर कहा था कि परिवार के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात हुआ है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने मुख्य आरोपी सिया गोयल और चेतन चौधरी के लिए फांसी की सजा की मांग करते हुए कहा था कि उनके पोते ने परिवार का सबसे बड़ा सहारा छीन लिया।
इधर, मामले की जांच भी तेजी से आगे बढ़ रही है। पुणे की स्थानीय अदालत ने मुख्य आरोपी सिया गोयल और सह-आरोपी चेतन चौधरी को 16 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। जांच के दौरान एक स्नैपचैट संदेश भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर सिया गोयल ने अपनी सहेली से कहा था कि उसकी शादी केतन से नहीं होने वाली। पुलिस इस डिजिटल साक्ष्य समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने कहा कि पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले में मजबूत साक्ष्यों के साथ अदालत में पक्ष रख रही है। वहीं, लगातार दूसरी पारिवारिक त्रासदी ने अग्रवाल परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है और वे अब केतन के साथ-साथ देवीचंद अग्रवाल के लिए भी न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।