Sunday, July 5, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

World

पीओके में पाकिस्तान विरोधी आंदोलन तेज, भारत से समर्थन की अपील

July 5, 2026 Source: News Katha

पीओके में पाकिस्तान विरोधी आंदोलन तेज, भारत से समर्थन की अपील
**PoK Protest:** पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन अब और तेज होता दिखाई दे रहा है। प्रदर्शनकारी पाकिस्तान सरकार और सुरक्षा बलों पर दमनात्मक कार्रवाई का आरोप लगा रहे हैं। इस बीच जम्मू-कश्मीर जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के प्रमुख सदस्य सरदार अमन खान का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने भारत के लोगों, खासकर श्रीनगर, जम्मू, राजौरी, लद्दाख, करगिल और गिलगित-बाल्टिस्तान के नागरिकों से समर्थन की अपील की है। सरदार अमन खान ने दावा किया कि पीओके के लोगों को अपने बुनियादी अधिकारों की मांग करने पर लगातार दबाव और सैन्य कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में खाने-पीने की आवश्यक वस्तुओं और दवाइयों की आपूर्ति प्रभावित हो गई है, जिससे लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि हालात नहीं बदले तो लोगों के सामने अन्य विकल्पों पर विचार करने की नौबत आ सकती है। वीडियो में उन्होंने लोगों से विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील भी की। इधर सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि रावलकोट के ईदगाह मैदान में प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी रेंजर्स और पुलिस ने फायरिंग की। रिपोर्टों के अनुसार, यह घटना सुबह फज्र की नमाज के समय हुई, जब सुरक्षा बलों ने प्रदर्शन को हटाने की कोशिश की। दावा किया गया है कि इस कार्रवाई में कई लोग घायल हुए। हालांकि, इन वायरल वीडियो और सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पाकिस्तान की ओर से भी इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसके बावजूद पीओके में जारी विरोध प्रदर्शन और वहां के हालात को लेकर चर्चाएं लगातार तेज बनी हुई हैं।