India
पहलगाम हमले के समर्थन के आरोप में सऊदी से लौटे युवक को पुलिस ने दबोचा
July 6, 2026 Source: News Katha
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले को कथित तौर पर सही ठहराने और मृतक के परिजन के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में केरल के 26 वर्षीय युवक मोहम्मद सानूफ को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को रविवार को सऊदी अरब से लौटने के बाद कोझिकोड एयरपोर्ट पर पुलिस ने हिरासत में लिया। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पहलगाम आतंकी हमले में केरल के एन. रामचंद्रन की जान चली गई थी। घटना के बाद उनकी बेटी ने अपने पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि इसी पोस्ट पर मोहम्मद सानूफ ने ऐसी टिप्पणी की, जिसमें आतंकी हमले को सही ठहराने की कोशिश की गई और मृतक के परिवार के प्रति आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
इस मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की राज्य सचिव अदीना भारती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित सामग्री की जांच की। जांच में टिप्पणी को गंभीर और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाला मानते हुए आरोपी के खिलाफ UAPA के तहत केस दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि मोहम्मद सानूफ सऊदी अरब में काम करता था। भारत लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले की जांच आगे चलकर आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) को सौंपी जा सकती है। वहीं, इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं और राज्य की राजनीति में इसे लेकर बयानबाजी तेज हो गई है।