World
होर्मुज में बढ़ा टकराव! IRGC के मिसाइल हमले से दो कमर्शियल जहाज प्रभावित
July 7, 2026 Source: News Katha
होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। ओमान के तट के पास एक तेल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला होने के बाद जहाज में आग लग गई। यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम को लेकर बातचीत जारी है। इसी बीच ईरान के इस रणनीतिक समुद्री मार्ग में दो कमर्शियल जहाजों पर भी मिसाइल दागे जाने की खबर ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है।
ब्रिटिश समुद्री सुरक्षा एजेंसी UKMTO ने भी ओमान के लीमाह तट से करीब आठ नॉटिकल मील पूर्व हुई इस घटना की पुष्टि की है। एजेंसी के अनुसार, प्रभावित क्षेत्र होर्मुज जलडमरूमध्य के बेहद संवेदनशील हिस्से में स्थित है, जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल और गैस परिवहन होता है।
रिपोर्टों के मुताबिक, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज से गुजर रहे दो कॉमर्शियल जहाजों पर लगातार मिसाइलें दागीं। हमले में दोनों जहाजों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि अब तक किसी चालक दल के घायल होने या हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि IRGC पहले ही इस समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी दे चुका था। उसने उन रास्तों से बचने को कहा था जिन्हें अमेरिकी सेना ने ओमान के तट के पास सुरक्षित घोषित किया था। चेतावनी के कुछ समय बाद ही हुए इन हमलों ने क्षेत्र में सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और गहरा कर दिया है।
गौरतलब है कि यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है जब ईरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद शोक कार्यक्रम जारी हैं। लगातार बढ़ते तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर इसके संभावित असर को लेकर दुनिया भर की नजरें इस क्षेत्र पर टिकी हुई हैं।