Tuesday, July 7, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

महाराष्ट्र में बारिश का प्रकोप, बादल फटने की आशंका से बढ़ी चिंता

July 7, 2026 Source: News Katha

महाराष्ट्र में बारिश का प्रकोप, बादल फटने की आशंका से बढ़ी चिंता
महाराष्ट्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। नासिक जिले में बादल फटने जैसी स्थिति बनने की आशंका के चलते प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने त्र्यंबकेश्वर-नासिक क्षेत्र में अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है और कुछ इलाकों में 300 मिलीमीटर तक वर्षा होने की संभावना जताई है। इसके अलावा मुंबई के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। बारिश के कारण नासिक समेत कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। एहतियात के तौर पर कई स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। वहीं, 12 ज्योतिर्लिंगों में शामिल त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर और नासिक के प्रसिद्ध सप्तश्रृंगी माता मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन भी अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी कारण घर से बाहर न निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अधिकारियों को हालात पर लगातार नजर रखने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने देर रात त्र्यंबकेश्वर और मेटघर गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने देर रात से मंगलवार सुबह तक अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी दी है। नासिक के अलावा पालघर और वसई-विरार क्षेत्रों में भी भारी वर्षा दर्ज की गई है। कई स्थानों पर 350 से 400 मिलीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहा है।