Thursday, July 9, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

World

चीन के मशहूर अर्थशास्त्री गाओ शानवेन नहीं रहे, सरकारी आंकड़ों पर उठाए थे सवाल

July 9, 2026 Source: News Katha

चीन के मशहूर अर्थशास्त्री गाओ शानवेन नहीं रहे, सरकारी आंकड़ों पर उठाए थे सवाल
चीन के जाने-माने अर्थशास्त्री और कैपिटल मार्केट विशेषज्ञ गाओ शानवेन का 55 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। सरकारी मीडिया के मुताबिक उनकी मौत बीमारी के कारण हुई, हालांकि सोशल मीडिया पर उनकी मृत्यु को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। गाओ सरकारी निवेश समूह SDIC Securities के पूर्व मुख्य अर्थशास्त्री थे और उन्हें चीन के सबसे प्रभावशाली मैक्रो-इकोनॉमिस्ट्स में गिना जाता था। गाओ शानवेन सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए, जब उन्होंने 2024 के अंत में वाशिंगटन में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान चीन के आधिकारिक GDP आंकड़ों पर सवाल उठाए। उनका दावा था कि 2021 से 2023 के बीच देश की वास्तविक आर्थिक वृद्धि औसतन करीब 2 प्रतिशत रही, जबकि सरकार लगातार लगभग 5 प्रतिशत की ग्रोथ का दावा करती रही। उनका कहना था कि उपभोग, रोजगार और रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े आंकड़े सरकारी दावों से मेल नहीं खाते। रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके इस बयान के बाद चीन के शीर्ष नेतृत्व ने कड़ा रुख अपनाया। उन पर सार्वजनिक मंचों पर बोलने की रोक लगा दी गई, उनके लेख, वीडियो और सोशल मीडिया अकाउंट हटा दिए गए। बाद में नवंबर 2025 में उन्हें नौकरी से भी हटा दिया गया और उनका हांगकांग निवेश सलाहकार लाइसेंस भी रद्द कर दिया गया। करीबी सूत्रों के मुताबिक, जनवरी 2025 में गाओ को कैंसर होने का पता चला था। लंबे समय तक सार्वजनिक जीवन से दूर रहने के बाद उन्होंने सितंबर 2025 में पेकिंग यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में वीडियो संदेश के जरिए संक्षिप्त उपस्थिति दर्ज कराई थी। उनके निधन के बाद चीन के सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। कई लोगों ने उन्हें "सच बोलने वाला अर्थशास्त्री" बताते हुए याद किया। इसके साथ ही चीन में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, आर्थिक आंकड़ों की पारदर्शिता और सरकार के आलोचनात्मक विचारों के प्रति रवैये को लेकर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।