Saturday, October 10, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

BREAKING: रामगोपाल अग्रवाल को नहीं मिली राहत, 17 जुलाई तक EOW रिमांड पर भेजे गए

July 9, 2026 Source: News Katha

BREAKING: रामगोपाल अग्रवाल को नहीं मिली राहत, 17 जुलाई तक EOW रिमांड पर भेजे गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब, कस्टम मिलिंग और कोल लेवी घोटाला मामलों में आरोपी वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल को गुरुवार को स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायाधीश सुमित कपूर ने उन्हें 17 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की रिमांड पर भेज दिया। बचाव पक्ष के वकील फैजल रिजवी ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद EOW दोबारा अग्रवाल को अदालत में पेश करेगी। रामगोपाल अग्रवाल को EOW ने बुधवार को हिरासत में लिया था। वे छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं और नान (NAN) के अध्यक्ष का भी दायित्व संभाल चुके हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, शराब, कस्टम मिलिंग और कोल लेवी घोटालों में नाम सामने आने के बाद वे पिछले करीब तीन वर्षों से फरार थे। उनकी तलाश EOW के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी कर रहा था। बताया जा रहा है कि कस्टम मिलिंग घोटाले में पूछताछ के लिए अग्रवाल को समन जारी किया गया था। इससे एक दिन पहले EOW ने उनके बेटे वैभव अग्रवाल से लंबी पूछताछ की थी। इसी दौरान रामगोपाल अग्रवाल खुद EOW कार्यालय पहुंचे, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया। कस्टम मिलिंग घोटाला धान मिलिंग के लिए राइस मिलर्स को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। जांच एजेंसी का दावा है कि वर्ष 2015 से 2023 के बीच नियमों का उल्लंघन कर चुनिंदा राइस मिलर्स को अनुचित लाभ पहुंचाया गया, जिससे करीब 127 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। वहीं, कोल लेवी घोटाले में वर्ष 2020 से 2022 के दौरान कोयला परिवहन से अवैध वसूली के जरिए लगभग 540 करोड़ रुपये की कथित लेवी वसूलने का आरोप है। इसके अलावा शराब घोटाले में वर्ष 2019 से 2022 के बीच सरकारी शराब बिक्री व्यवस्था में कथित सिंडिकेट बनाकर करीब 3,200 करोड़ रुपये के आर्थिक अनियमितता का दावा जांच एजेंसियों ने किया है। हालांकि इन सभी मामलों में आरोपों की न्यायिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच के साथ अदालती प्रक्रिया जारी है।