Friday, July 10, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

भारी बारिश के बाद भी सामान्य रहा यातायात, PWD मंत्री ने जताया संतोष

July 10, 2026 Source: News Katha

भारी बारिश के बाद भी सामान्य रहा यातायात, PWD मंत्री ने जताया संतोष
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के बीच लोक निर्माण विभाग (PWD) ने दावा किया है कि इस बार मॉनसून के दौरान राजधानी के प्रमुख जलभराव वाले हॉट स्पॉट पर स्थिति पहले की तुलना में काफी बेहतर रही। इसी क्रम में PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने 24×7 मॉनसून कंट्रोल रूम का दौरा कर शहरभर में जलभराव की स्थिति और विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने लाइव CCTV फीड के जरिए संवेदनशील इलाकों की निगरानी की और अधिकारियों को पूरे मॉनसून सीजन के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में करीब 100 मिमी तक बारिश दर्ज होने के बावजूद मिंटो ब्रिज, जखीरा, धौला कुआं और मूलचंद जैसे पारंपरिक जलभराव वाले अंडरपासों पर यातायात सामान्य बना रहा। विभाग का कहना है कि यह मॉनसून से पहले की गई तैयारियों का परिणाम है। PWD ने राजधानी के 45 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां 179 CCTV कैमरे लगाए हैं, जिनकी निगरानी केंद्रीय कंट्रोल रूम से चौबीसों घंटे की जा रही है। कंट्रोल रूम और फील्ड टीमों के बीच रियल-टाइम समन्वय के जरिए शिकायत मिलते ही जल निकासी और यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। जलभराव से निपटने के लिए शहरभर में 754 स्थायी और 305 अस्थायी पंप तैनात किए गए हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग टीमें, मशीनरी और आपातकालीन स्टाफ भी 24 घंटे अलर्ट मोड पर हैं। विभाग के अनुसार, पिछले 48 घंटों में करीब 120 शिकायतें मिलीं, जिनमें अधिकांश का समाधान 15 से 30 मिनट के भीतर कर दिया गया। नागरिकों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन 1908, कंट्रोल रूम नंबर और व्हाट्सएप चैटबॉट भी सक्रिय हैं। PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारी बारिश के दौरान भी दिल्लीवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस बार की बारिश ने दिखाया है कि बेहतर योजना, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के जरिए जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।