India
आईआईटी खड़गपुर में असिस्टेंट प्रोफेसर मृत मिले, परिवार को दी गई सूचना
July 30, 2026 Source: News Katha
IIT Kharagpur Assistant Professor Commits Suicide: देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर यानी आईआईटी खड़गपुर से झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। आईआईटी खड़गपुर के असिस्टेंट प्रोफेसर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। असिस्टेंट प्रोफेसर का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला। असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुल्लागुरम मूल रूप से हैदराबाद के रहने वाले थे। IIT खड़गपुर परिसर के क्वार्टर नंबर 2-बीआर-14 में अकेले रह रहे थे। घटना के बाद से पूरे संस्थान परिसर में हड़कंप मच गया है। वहीं आईआईटी खड़गपुर में 2 साल में 7वीं मौत है।
इस घटना पर IIT खड़गपुर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर को पड़ोस के क्वार्टर में रहने वाले लोगों को कुछ अनहोनी का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कैंपस सुरक्षाकर्मियों को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बंद क्वार्टर को खोलकर डॉ. पुल्लागुरम के शव को बाहर निकाला।
शव को IIT खड़गपुर परिसर के भीतर स्थित बी.सी. रॉय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक प्रोफेसर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।फॉरेंसिक जांच के लिए कमरे को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या व्यक्तिगत, पारिवारिक या किसी अन्य तनाव की वजह से यह घटना हुई। सटीक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो पाएगा। संस्थान में अस्वाभाविक मौतों का सिलसिला जारी
इस घटना ने IIT खड़गपुर में बीते कुछ वर्षों के दौरान हुई अस्वाभाविक मौतों की श्रृंखला की ओर एक बार फिर सबका ध्यान खींच लिया है। पिछले दो सालों में संस्थान के 6 से अधिक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी जान गंवा चुके हैं। जबकि एक गैर-शिक्षण कर्मचारी (नॉन-टीचिंग स्टाफ) की भी मौत हो चुकी है। छात्रों और कर्मचारियों के बीच बढ़ते मानसिक तनाव और अवसाद की समस्या से निपटने के लिए संस्थान प्रशासन ने काउंसलिंग पहल और विशेष सहायता टीमों की शुरुआत भी की थी। इसके बावजूद आत्महत्या का सिलसिला नहीं खत्म हो रहा है। अब असिस्टेंट प्रोफेसर की मौत ने सभी को हिलाकर रख दिया है।