Sunday, August 23, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

परिसीमन बिल को लेकर बढ़ी हलचल, सुप्रिया सुले की पीएम मोदी से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चाएं

August 10, 2026 Source: News Katha

परिसीमन बिल को लेकर बढ़ी हलचल, सुप्रिया सुले की पीएम मोदी से मुलाकात ने बढ़ाई चर्चाएं
नई दिल्ली।  परिसीमन बिल पर समर्थन जुटाने की भाजपा-एनडीए सरकार की सियासी कोशिशों के बीच इंडी गठबंधन के एक प्रमुख घटक दल एनसीपी-एसपी के आठ सांसदों की सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गरम है। हालांकि, एनसीपी-एसपी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले के नेतृत्व में अपने सांसदों की पीएम से हुई मुलाकात को पार्टी ने राजनीतिक मामलों से इतर महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर होने की बात कही है। सोमवार सुबह विपक्षी नेताओं की बैठक में शामिल होने के उपरांत दोपहर में सुप्रिया ने अपने सभी आठ लोकसभा सांसदों संग संसद भवन में पीएम से मुलाकात की और बैठक के बाद कहा कि हमने महाराष्ट्र के मुद्दों पर चर्चा की। एनसीपी-एसपी सांसदों की पीएम से मुलाकात एनसीपी-एसपी सांसदों की पीएम से मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलचलें इसलिए ज्यादा है क्योंकि सरकार परिसीमन बिल पर लोकसभा में दो तिहाई बहुमत का जुगाड़ करने के लिए शरद पवार की पार्टी के आठ सांसदों का समर्थन हासिल करने का प्रयास कर रही है। हालांकि एनसीपी सांसदों ने बैठक के बाद दावा किया कि पीएम से परिसीमन या एफसीआरए बिल जैसे मामलों पर चर्चा नहीं हुई बल्कि सदन नहीं चलने के कारण सभी सांसदों ने प्रधानमंत्री के सामने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े मुद्दे उठाए। इसमें महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सूखे की समस्या से लेकर प्याज की कम कीमतों के चलते किसानों के नुकसान से लेकर चंद्रभागा नदी में प्रदूषण जैसे मामले उठाए गए। एनसीपी सांसदों की पीएम से करीब 15 मिनट हुई मुलाकात एनसीपी सांसदों की पीएम से करीब 15 मिनट की मुलाकात हुई। परिसीमन बिल पर संख्या बल जुटाने के लिए एनसीपी-एसपी के साथ विपक्षी गठबंधन से अलग हो चुकी द्रमुक पर सरकार की नजरें हैं। ऐसी गहमागहमी के बीच सुप्रिया सुले की अपने सांसदों संग पीएम से मुलाकात के अपने राजनीतिक मायने हैं। दिलचस्प यह है कि एक दिन पहले तक एनसीपी-एसपी एफसीआर बिल के खिलाफ मुखर आवाज उठाते हुए पीएम से मुलाकात में इस मामले को उठाने की बात कह रही थी। लेकिन सोमवार को मुलाकात के बाद इस पर चर्चा तक नहीं होने की बात खुद कही। मालूम हो कि सत्र की शुरूआत में बीते 2 जुलाई को एनसीपी-एसपी प्रमुख शरद पवार ने सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद पवार ने नीट पेपर लीक के संबंध में छात्रों की मांग के साथ किसानों आदि के मुद्दे पर चर्चा होने की बात कही थी।