Chhattisgarh
प्रकाश पर्व पर सिख समाज के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचे विजय शर्मा
November 24, 2026 Source: News Katha
रायपुर, 24 नवंबर 2026/
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा आज कवर्धा में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारा पहुंचकर श्रद्धापूर्वक मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने सिख समाज सहित समस्त प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर गुरु साहिब के दरबार में उपस्थित होना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से संपूर्ण मानवता को सत्य, प्रेम, समानता, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं किसी एक समाज या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानव जाति के कल्याण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ हमें ईश्वर का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम करने तथा अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ बांटने की प्रेरणा देता है। गुरु नानक देव जी के आदर्श सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानव कल्याण की मजबूत आधारशिला हैं। उनके बताए मार्ग पर चलना और उनकी शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धा है। इस अवसर पर सिख समाज के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।