Tuesday, May 26, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

बंगाल की हार से घबराया विपक्ष? पंकज चौधरी ने अखिलेश को घेरा

May 7, 2026 Source: News Katha

बंगाल की हार से घबराया विपक्ष? पंकज चौधरी ने अखिलेश को घेरा
उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर चुनाव आयोग और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं, जबकि भाजपा इन आरोपों को निराधार बता रही है। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पंकज चौधरी ने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि “समाप्तवादी पार्टी” के “अध्यक्ष जी” हार की कुंठा में संवैधानिक संस्थाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने और जनता को भ्रमित करने के लिए मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रहा है। भाजपा नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सपा के पुराने “गुंडाराज” और परिवारवाद को अच्छी तरह याद रखती है, इसलिए लोग उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने आगे कहा कि सपा द्वारा उठाया जा रहा “पीडीए” का मुद्दा भी जनता को प्रभावित नहीं कर पाएगा। भाजपा का दावा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को पूरी तरह नकार देगी। पंकज चौधरी ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों से विपक्ष बौखलाया हुआ है और अब वह पहले से ही हार के बहाने तलाशने लगा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्ष पर “भय की राजनीति” करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब स्थिरता और विकास चाहती है। उनके मुताबिक, जनता इस बार सपा की राजनीति पर हमेशा के लिए “अलीगढ़ी ताला” लगाने का मन बना चुकी है। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में सियासी माहौल और गर्म हो गया है, वहीं भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग भी तेज होती दिखाई दे रही है।