Tuesday, May 26, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर, विजय के हाथ में सत्ता की कमान

May 9, 2026 Source: News Katha

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा उलटफेर, विजय के हाथ में सत्ता की कमान
तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जहां अभिनेता से नेता बने थलापति विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। राज्यपाल ने उनकी पार्टी TVK (Tamilaga Vettri Kazhagam) को सरकार बनाने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही राज्य की राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहा सस्पेंस खत्म हो गया है। विजय को विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए 118 विधायकों की जरूरत थी। उनकी पार्टी को VCK (Viduthalai Chiruthaigal Katchi) और IUML (Indian Union Muslim League) का बिना शर्त समर्थन मिल गया, जिसके बाद उनके समर्थन में कुल 120 विधायक हो गए। कांग्रेस और वामदलों ने भी विजय को समर्थन देने का फैसला किया। इसके बाद विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर समर्थन पत्र सौंपा और सरकार गठन का दावा पेश किया। सूत्रों के अनुसार, विजय 10 मई 2026 को सुबह 10 बजे तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। हालांकि शुरुआत में शपथ ग्रहण का समय दोपहर में तय होने की चर्चा थी, लेकिन बाद में ज्योतिषीय सलाह के आधार पर सुबह 10 बजे का समय तय किया गया। बताया जा रहा है कि इसी वजह से राज्यपाल और विजय की बैठक लंबी चली। पिछले तीन दिनों से विजय लगातार सरकार बनाने के लिए समर्थन जुटाने में लगे हुए थे। शुरुआती दौर में उनके पास बहुमत का आंकड़ा नहीं था, जिसके कारण राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन का निमंत्रण नहीं दिया था। लेकिन आखिरकार सहयोगी दलों के समर्थन से उन्होंने जरूरी संख्या हासिल कर ली। 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK के पास सबसे बड़ा समर्थन समूह बन चुका है। अब विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने जा रही है, जिसे राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बनने तक का विजय का सफर उनके समर्थकों के लिए बेहद खास और प्रेरणादायक माना जा रहा है।