India
Petrol Diesel Price Hike : कच्चे तेल में उछाल, अब पेट्रोल-डीजल हो सकते हैं महंगे
May 12, 2026 Source: News Katha
कच्चे तेल की बढ़ती वैश्विक कीमतों और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी हो सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि पेट्रोल और डीजल के दाम 5 से 7 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ सकते हैं। इसके साथ ही LPG गैस सिलेंडर और CNG की कीमतों में भी इजाफा होने की संभावना जताई जा रही है।
कोटक सिक्योरिटीज के करेंसी और कमोडिटी रिसर्च प्रमुख अनिंद्य बनर्जी के अनुसार, सरकार और तेल कंपनियां अब तक आम जनता को राहत देने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन लगातार बढ़ते दबाव के कारण अब कीमतों को स्थिर रखना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने बताया कि मौजूदा ऊर्जा संकट का असर चार प्रमुख क्षेत्रों पर पड़ रहा है—सरकार, सरकारी तेल कंपनियां (OMCs), उद्योग और आम उपभोक्ता।
सरकार ने पहले एक्साइज ड्यूटी घटाकर लोगों को राहत देने का प्रयास किया था, जबकि तेल कंपनियां ऊंची कीमत पर कच्चा तेल खरीदकर कम दरों पर पेट्रोल-डीजल बेचने से भारी नुकसान झेल रही हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में ऊर्जा लागत पहले ही बढ़ चुकी है, लेकिन अब इसका असर आम लोगों की जेब पर भी पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह संकट पहले के मुकाबले अलग है, क्योंकि इस बार तेल की वैश्विक कमी नहीं है, बल्कि सप्लाई चेन और शिपिंग नेटवर्क पर दबाव बढ़ गया है। अमेरिका, ईरान और इज़राइल के बीच तनाव के कारण तेल आपूर्ति प्रभावित हो रही है, जिससे बाजार में अनिश्चितता बनी हुई है।
यदि कच्चे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊंची बनी रहती हैं, तो सरकार को पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाने की अनुमति देनी पड़ सकती है। इसका सीधा असर परिवहन, कृषि और रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ेगा, जिससे महंगाई और बढ़ सकती है। फिलहाल, सरकार और तेल कंपनियों के अगले कदम पर देशभर की नजर बनी हुई है।