Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

बंगाल में हाई-प्रोफाइल मर्डर केस, 7 सदस्यीय SIT करेगी जांच

May 12, 2026 Source: News Katha

बंगाल में हाई-प्रोफाइल मर्डर केस, 7 सदस्यीय SIT करेगी जांच
पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हत्या का मामला अब और गंभीर हो गया है। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। केस हाथ में लेते ही CBI ने 7 अधिकारियों की एक स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की है, जिसकी अगुआई DIG रैंक का अधिकारी करेगा। वहीं इस मामले में अब तक बिहार और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जानकारी के अनुसार, 6 मई को पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हमलावरों ने उनकी कार को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। वारदात के बाद पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्य और राज सिंह नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। मयंक और विक्की को बिहार के बक्सर से पकड़ा गया, जबकि उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को इस केस में सबसे बड़ा सुराग टोल प्लाजा पर किए गए UPI भुगतान से मिला। डिजिटल ट्रांजैक्शन के जरिए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस हत्या की साजिश में कम से कम आठ लोग शामिल थे। आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक रेकी की थी। पुलिस अब टोल प्लाजा के CCTV फुटेज और वाहन की तस्वीरों के जरिए आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से एक कार और बाइक भी बरामद की हैं, जिनमें फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं। कार के इंजन और चेसिस नंबर तक मिटा दिए गए थे, जिससे शक गहराता है कि हत्या बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। चंद्रनाथ रथ पूर्व एयरफोर्स अधिकारी थे और VRS लेने के बाद राजनीति से जुड़े थे। वह लंबे समय से सुवेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी माने जाते थे और उनकी राजनीतिक टीम का अहम हिस्सा थे।