Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

दिल्ली मंत्री ने मेट्रो और ई-रिक्शा से दिया बड़ा संदेश

May 13, 2026 Source: News Katha

दिल्ली मंत्री ने मेट्रो और ई-रिक्शा से दिया बड़ा संदेश
प्रधानमंत्री Narendra Modi की सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील का असर अब नेताओं और मंत्रियों के व्यवहार में भी दिखाई देने लगा है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और वैश्विक ऊर्जा संकट की आशंकाओं के बीच प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की थी। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए दिल्ली के शिक्षा मंत्री Ashish Sood ने मंगलवार को मेट्रो और ई-रिक्शा से सफर कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। मंत्री आशीष सूद पूर्वी दिल्ली के सूरजमल विहार स्थित ‘CM श्री स्कूल’ पहुंचे, जहां उन्होंने पहले दिल्ली मेट्रो से यात्रा की और बाद में ई-रिक्शा का सहारा लिया। उन्होंने INA मेट्रो स्टेशन से कड़कड़डूमा कोर्ट स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया। इसके बाद ट्रैफिक जाम को देखते हुए स्कूल तक पहुंचने के लिए ई-रिक्शा का उपयोग किया। इस दौरान मंत्री ने यात्रियों से बातचीत भी की और सार्वजनिक परिवहन के फायदों पर चर्चा की। स्कूल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में आशीष सूद ने जोन-1 और जोन-2 के स्कूल प्रमुखों के साथ शिक्षा व्यवस्था, स्कूल प्रबंधन और छात्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन न केवल ईंधन की बचत करता है, बल्कि प्रदूषण कम करने और ट्रैफिक दबाव घटाने में भी अहम भूमिका निभाता है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में भाजपा की तेलंगाना रैली में देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने, कारपूलिंग बढ़ाने और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्राथमिकता देने की अपील की थी। उन्होंने रेलवे के जरिए सामान परिवहन को बढ़ावा देने और जरूरत पड़ने पर ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था अपनाने का भी सुझाव दिया। सरकार का मानना है कि यदि लोग बड़े स्तर पर मेट्रो, बस, ई-वाहन और साझा यात्रा प्रणाली अपनाते हैं, तो इससे ईंधन की खपत कम होगी और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ने वाला दबाव भी घटेगा।