Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार

May 13, 2026 Source: News Katha

ऑनलाइन आईपीएल सट्टा गिरोह पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा सिंडिकेट का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों — करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल — को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, मोबाइल फोन और कई अहम वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं। पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा थाना के सहयोग से यह ऑपरेशन चलाया। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन आईपीएल सट्टे के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई कर रहे थे और हवाला नेटवर्क के माध्यम से ब्लैक मनी को व्हाइट करने का काम किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, इससे पहले 26 अप्रैल को रायगढ़ और घरघोड़ा इलाके में छापेमारी कर छह लोगों को पकड़ा गया था। पूछताछ और डिजिटल जांच में पता चला कि पूरे नेटवर्क का संचालन रायगढ़ निवासी करन चौधरी और फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर हो रहा था। साइबर सेल ने कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री और वित्तीय लेनदेन की जांच के जरिए नेटवर्क की परतें खोलीं। जांच में यह भी सामने आया कि सट्टे से मिली रकम को सीधे अपने पास रखने के बजाय पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य कारोबारों के जरिए छिपाया जाता था। बाद में हवाला चैनल से रकम ट्रांसफर की जाती थी। पुलिस ने कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट में छापा मारकर पुष्कर और सुनील अग्रवाल के पास से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। पुलिस ने बताया कि आरोपी जांच एजेंसियों से बचने के लिए अपने बैंक खातों की जगह कर्मचारियों और परिचितों के खातों का इस्तेमाल करते थे। मुख्य आरोपी करन चौधरी के खिलाफ पहले से जुआ-सट्टा, रंगदारी, मारपीट और अपहरण जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (संगठित अपराध) भी लगाई गई है। फिलहाल फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा की तलाश जारी है। पुलिस का मानना है कि उसकी गिरफ्तारी से इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला और आर्थिक अपराधों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।