Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

चलती स्लीपर बस में महिला संग हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार

May 14, 2026 Source: News Katha

चलती स्लीपर बस में महिला संग हैवानियत, आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक बेहद शर्मनाक और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में कथित गैंगरेप किया गया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता पीतमपुरा की झुग्गी बस्ती में रहती है और मंगोलपुरी की एक फैक्टरी में काम करती है। सोमवार देर रात काम से लौटते समय वह सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास पहुंची थी। इसी दौरान वहां रुकी एक स्लीपर बस के दरवाजे पर खड़े युवक से उसने समय पूछा। आरोप है कि युवक और उसके साथियों ने महिला को जबरन बस के अंदर खींच लिया और दरवाजा बंद कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, बस चलने के बाद दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। यह वारदात करीब दो घंटे तक चलती रही। महिला ने बताया कि आरोपियों ने उसे नांगलोई मेट्रो स्टेशन की ओर जाते समय लगातार प्रताड़ित किया और बाद में गंभीर हालत में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घायल अवस्था में मिली महिला ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही रानी बाग थाना पुलिस सक्रिय हुई और पीड़िता को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल ले जाया गया। मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों ने महिला को भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन परिवार की जिम्मेदारियों और आर्थिक तंगी के कारण उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया। महिला ने बताया कि उसका पति टीबी से पीड़ित है और उसकी तीन छोटी बेटियों की देखभाल की जिम्मेदारी उसी पर है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बिहार नंबर की स्लीपर बस को जब्त कर लिया है। बस मालिक से पूछताछ के बाद चालक और अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज, बस के रूट और तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने बस से कई अहम नमूने भी जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।