Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में आग, दो डिब्बे चपेट में

May 17, 2026 Source: News Katha

दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस में आग, दो डिब्बे चपेट में
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया, जब तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। इस घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग भी प्रभावित हो गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों और राहत टीमों की तेजी से की गई कार्रवाई के कारण सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गाड़ी संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस नागदा-कोटा रेलखंड पर लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच से गुजर रही थी। सुबह करीब 5:15 बजे एसी कोच बी-1 के पास अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। कुछ ही मिनटों में आग तेजी से फैलने लगी और कोचों में धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री उस समय सो रहे थे और अचानक मची चीख-पुकार और अलार्म की आवाज से घबरा गए। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि बी-1 कोच के एसएलआर हिस्से में तकनीकी खराबी के चलते चिंगारी उठी, जिसने आग का रूप ले लिया। आग की चपेट में दो डिब्बे आ गए थे। स्थिति को गंभीर होते देख ट्रेन स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई की। गार्ड ने वायरलेस के जरिए लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे प्रशासन ने आग को पूरी ट्रेन में फैलने से रोकने के लिए प्रभावित कोचों को मुख्य ट्रेन से अलग कर दिया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, रेलवे अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस हादसे के चलते दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही और कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा। रेलवे के मुताबिक, प्रभावित कोच में मौजूद सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी यात्री के घायल होने या जनहानि की खबर नहीं है। यात्रियों को प्राथमिक सहायता, भोजन और सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया गया। रेलवे ने आगे की यात्रा के लिए कोटा स्टेशन पर नया कोच जोड़ने की व्यवस्था भी की है। पश्चिम मध्य रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 जारी किया गया है।