Sunday, May 24, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

Development

नारायणपुर में अधोसंरचना विकास को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

May 17, 2026 Source: News Katha

नारायणपुर में अधोसंरचना विकास को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
*लोक निर्माण विभाग के सचिव ने सड़कों, पुलों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की* *पहुंचविहीन गांवों में बारहमासी आवाजाही के लिए पुलों व सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजने के दिए निर्देश* रायपुर. 17 मई 2026. लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने आज जिला मुख्यालय नारायणपुर में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर जिले में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्यों में तेजी लाते हुए पूर्ण गुणवत्ता के साथ निर्माण पूर्ण करने को कहा। कलेक्टर सुश्री नम्रता जैन, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, राष्ट्रीय राजमार्ग संभाग के मुख्य अभियंता श्री ज्ञानेश्वर कश्यप और जगदलपुर परिक्षेत्र के अधीक्षण अभियंता श्री संजय सूर्यवंशी भी बैठक में मौजूद थे। लोक निर्माण विभाग के सचिव ने नारायणपुर में बैठक के बाद कोंडागांव से नारायणपुर होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को इस महत्वाकांक्षी सड़क का काम समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए, जिससे की क्षेत्रवासियों को इस सड़क का लाभ शीघ्र मिल सके। लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री बंसल ने बैठक में नारायणपुर जिले के पहुंचविहीन गांवों में बारहमासी आवाजाही के लिए पुलों व सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने इस साल के बजट में शामिल कार्यों के डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए जल्द से जल्द शासन को भेजने को कहा। विभागीय सचिव ने सड़कों और पुलों के निर्माण के लिए भू-अर्जन और वन-व्यपवर्तन के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने ठेकेदारों से चर्चा कर उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति और भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली।