Monday, May 25, 2026
English edition
News Katha News Katha

Har Khabar Ek Kahani

India

मुख्यमंत्री साय ने शहीदों के साहस को किया नमन, परिवारों को दिया संबल

May 18, 2026 Source: News Katha

रायपुर, 18 मई 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के साथ जगदलपुर स्थित अमर वाटिका (शहीद स्मारक) में देश की सुरक्षा और शांति के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और देशभक्ति को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान राष्ट्र के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे संघर्ष में हमारे वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। उनका यह त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है और प्रदेश उनके इस बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने भी शहीद जवानों के परिजनों से आत्मीय मुलाकात कर उनका दुःख साझा किया और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए शहीद हुए जवानों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाएगा और सरकार उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसमें सुरक्षाबलों की अहम भूमिका रही है।